India News UP (इंडिया न्यूज़), UP Crime: 16 जून को मेरठ में एक लड़की के साथ कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की थी। घटना की जानकारी मिलने पर लड़की के पिता और परिवार के लोग मनचलों का विरोध करने गए थे। इस पर मनचलों ने लड़की के पिता पर हमला कर दिया।
यह है पूरा मामला
यूपी के मेरठ से सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पिता को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं।
ये भी पढ़ें: CM Yogi: क्या है योगी सरकार की ‘एक परिवार एक पहचान’, फैमिली आईडी जिससे मिलेंगी सुविधाएं
पूरा मामला 16 जून का है जब मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की पास की दुकान से सामान खरीदने गई थी। आरोप है कि इस दौरान सलमान नाम के लड़के ने उसके साथ छेड़छाड़ की, लड़की ने जब ये बात अपने परिजनों को बताई तो उसके पिता सलीम ने मौके पर जाकर इसका विरोध किया। जिसके चलते दबंग सलमान की लड़की के पिता से बहस हो गई।
कुछ ही देर में सलमान के अन्य दोस्त वहां आ गए और उन्होंने मिलकर लड़की के पिता सलीम की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उन पर लोहे की रॉड से भी हमला किया गया। इस हमले में घायल सलीम को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन कल डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया
मेरठ के SP सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि थाना लोहिया नगर में दो पक्षों में हुई मारपीट। सलीम और सलमान नाम के दो लोगों का आपस में विवाद हुआ, सलीम के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा लिखा गया है। सलमान को अरेस्ट कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।