होम / विरोध के बाद शाहीन बाग से लौटा बुलडोजर, लोग खुद ही हटाने लगे अपना अतिक्रमण

विरोध के बाद शाहीन बाग से लौटा बुलडोजर, लोग खुद ही हटाने लगे अपना अतिक्रमण

• LAST UPDATED : May 9, 2022

इंडिया न्यूज, नई दिल्ली।

दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने शाहीन बाग में अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार सुबह 11 बजे शुरू होना था। लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी है। कार्रवाई के लिए निगम को भारी मात्रा में पुलिस बल भी मुहैया कराया गया। किसी प्रकार का उपद्रव न हो इसके लिए शाहीनबाग में भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई। शाहीन बाग में बुलडोजर पहुंचते ही माहौल गर्म हो गया। इससे पहले अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर गरजता, लोगों ने खुद ही उसे हटाना शुरू कर दिया। वहीं लोग निगम की इस कार्रवाई पर निशाना साध रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई के पीछे वोट की राजनीति हो रही है।

जहां अतिक्रमण होगा, उसे खुद ही हटा लेंगे

आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने शाहीन बाग में पहुंचकर मीडिया से कहा कि लोग हम लोग खुद यहां से अतिक्रमण हटा रहे हैं। जहां भी अतिक्रमण होगा हम खुद हटाएंगे। उनके इस बयान के बाद कई अस्थायी सेटअप को लोग खुद हटा रहे हैं। कहा जा रहा है कि हाईटेंशन तार के चलते भी परेशानी हो सकती है इसलिए लोग खुद ही अतिक्रमण हटा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान भी अपने समर्थकों के साथ शहीन बाग पहुंचे। अमानतुल्लाह खान ने कहा कि अब मैं आया हूं, अभी देखता हूं कहां चल रहा है बुलडोजर। कहा कि मैं तीन दिन पहले आया था। लोगों से आह्वान किया। लोगों ने खुद अतिक्रमण हटा लिया। अब एमसीडी बताए कि अतिक्रमण कहां है। पुलिस और अधिकारी मुझसे बात करें।

सियासी दलों से जुड़े लोगों ने भी किया प्रदर्शन

बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ इलाके और सियासी दलों से जुड़े लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि गरीबों पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा। इस बुलडोजर के नाम से दिल्ली के लोगों को बर्बाद करने का प्लान बनाया गया है। बुलडोजर कार्रवाई से सियासी माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। देश कानून से चलेगा न कि बुलडोजर से। अतिक्रमण हटाना तो पहले दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के घर से हटाएं। संविधान के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी मौजूद हैं। एसडीएमसी के चेयरमैन राजपाल ने बताया कि निगम अपना कार्य करेगा। हमारे कार्यकर्ता और अधिकारी तैयार हैं, बुलडोजर की भी व्यवस्था कर ली गई है।

यह भी पढ़ेंः शाहीन बाग में बुलडोजर पर बवाल, लोग बोले- देश कानून से चलेगा, बुलडोजर से नहीं

Connect With Us : Twitter Facebook

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox