होम / उत्तर भारत में मानसून से पहले पारा हाई, हो सकती है ‘हीट वेव’ की वापसी, जानें अपने इलाके का हाल

उत्तर भारत में मानसून से पहले पारा हाई, हो सकती है ‘हीट वेव’ की वापसी, जानें अपने इलाके का हाल

• LAST UPDATED : June 5, 2022

इंडिया न्यूज, नई दिल्ली (Weather Forecast)। उत्तर व मध्य भारत में गर्मी फिर से रफ्तार पकड़ती दिख रही है। यहां पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिली थी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आंधी-तूफान और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी। अब मौसम ने करवट ले ली है और उत्तर भारत के कई राज्यों में फिर से हीट वेव का असर दिखने लगा है। आलम यह है कि राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तापमान फिर से 40 डिग्री के पार हो चुका है। राजस्थान, दक्षिणी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर में अगले दो से तीन दिन तक लू चलने के आसार हैं।

इन इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना

असम, मेघायल, अरुणाचल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। केरल, लक्ष्यद्वीप, जम्मू-कश्मीर, झारखंड में भी बारिश हो सकती है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में भी थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है। हल्द्वानी में सूरज की तपिश से जून के पहले सप्ताह में ही तापमान रिकॉर्ड 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे पहले 22 जून 2018 को तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। गर्मी से झुलस रहे लोगों को अभी कुछ दिन और राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार सात जून तक तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में भी तपने लगे पहाड़

मैदानी राज्यों के साथ अब देवभूमि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ भी तपने लगे हैं। चार दिन और प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। कांगड़ा जिले के धर्मशाला में तो गर्मी ने पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां पारा 37 डिग्री पहुंच गया है। ऊना जिले के लोग भी 44 डिग्री सेल्सियस गर्मी का टॉर्चर सहने के लिए बेबस हैं। मैदानी राज्यों से भले ही पर्यटक राजधानी शिमला का रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां भी गर्मी से पसीने छूट रहे हैं। शिमला में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। अमूमन राजधानी का औसत पारा 25 डिग्री से नीचे ही रहता है।

राजधानी दिल्ली में भी टूट रहे रिकॉर्ड

राजधानी में बीते 24 घंटे में सूरज ने आसमान से आग बरसाई। दिनभर लू के थपेड़ों के साथ दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पारा 47 तक पहुंच गया। वहीं, शनिवार को दिन 43.9 डिग्री सेल्सियस के साथ बीते पांच सालों में सबसे गर्म रहा। इससे पहले 2017 में अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे में भी प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। जम्मू में शनिवार की शुरुआत साफ मौसम से हुई। इससे सुबह से ही गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ गर्म हवा ने अपना असर दिखाया। जम्मू में दिन के साथ रात में तपिश बढ़ी है।

यह भी पढ़ेंः अब बरेली में भी कर्फ्यू लागू, कानपुर में हुई हिंसा का असर

Connect With Us : Twitter | Facebook

Tags:

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox