होम / Lok Sabha Election 2024: अमेठी से चुनाव लड़ सकती हैं कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी!

Lok Sabha Election 2024: अमेठी से चुनाव लड़ सकती हैं कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी!

• LAST UPDATED : July 28, 2023

India News (इंडिया न्यूज़), Martand Singh, Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में सभी पार्टियां जहां एक तरफ जोर शोर से जुटी हैं वही दूसरी तरफ चर्चाओं का बाजार भी खूब गर्म है। ताजा मामला यूपी कांग्रेस का है चर्चा है कि पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा अमेठी से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। यही नहीं, कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रायबरेली से चुनाव लड़ने की संभावना है। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमेठी और रायबरेली में चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं।

रायबरेली से सोनिया गांधी ने किया इनकार तो प्रियंका गांधी उम्मीदवार

सोनिया गांधी पिछले चार बार से रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं। पिछले दिनों उनके खराब स्वास्थ्य के कारण राजनीति से सन्यास लेने की चर्चा ने भी खूब जोर पकड़ा था, लेकिन पार्टी के नेता इसे सिरे से खारिज कर रहे हैं, क्योंकि विधानसभा चुनाव में भले ही रायबरेली के वोटर दूसरे दलों की ओर कदम बढ़ा दें, लेकिन पार्टी का मानना है कि लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस ही उनकी पहली पसंद होती है। ऐसे में पार्टी रायबरेली से सोनिया गांधी को उम्मीदवार मानकर चल रही है। फिर भी अपरिहार्य स्थित में सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया तो यहां से प्रियंका गांधी उम्मीदवार होंगी। इसी तरह राहुल गांधी का मामला कोर्ट में होने की वजह से प्रियंका को अमेठी से भी दावेदार बनाया जा सकता है।

कांग्रेस की तीसरी रणनीति

कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के करीबी सूत्रों की मानें तो तीसरी रणनीति भी बनाई गई है। अगर सोनिया गांधी रायबरेली और राहुल गांधी अमेठी से मैदान में उतरते हैं तो प्रियंका गांधी को अन्य किसी सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। इसके लिए सीटों पर वोट बैंक का मंथन चल रहा है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में उतार कर न सिर्फ सांसद संख्या बढ़ाई जा सकती है बल्कि पार्टी की ओर मतदाताओं के बढ़ते रूझान को गति दिया जा सकता है।

सूत्रों की माने तो प्रियंका गांधी से उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की अपील की गई है। पार्टी प्रदेश में पूरी सक्रियता से चुनावी तैयारी कर रही हैं। रायबरेली और अमेठी में टीमें डटी हुई हैं। इन दोनों सीटों के अलावा प्रियंका गांधी के लिए दूसरी सीटों का भी आकलन किया जा रहा है। हर पहलू पर रिपोर्ट तैयार करके जल्द ही प्रियंका गांधी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox