Tuesday, July 16, 2024
Homeउत्तर प्रदेशPratapgarh: सनकी युवक ने मासूम बच्चे को पटक-पटक कर मार डाला, हवा...

Pratapgarh: सनकी युवक ने मासूम बच्चे को पटक-पटक कर मार डाला, हवा में उछालकर सात बार जमीन पर पटका

- Advertisement -

Pratapgarh

इंडिया न्यूज, प्रतापगढ़ (Uttar Pradesh): उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 5 साल के मासूम बच्चे को सनकी युवक ने पटक-पटक मार डाला। इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के मासूम बच्चे को मृत घोषित करते ही माता और पिता बेसुध होकर एक कोने में बैठ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम क लिए भेज दिया।

मासूम का दोनों पैर पकड़कर हवा में उछालते सड़क पर पटका
उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे चौहान पूरे भगवत गांव निवासी कमलचंद्र सिंह चौहान सुबह खेत में गया था। घर पर उसकी पत्नी बेटा प्रिंस और प्रियांशू के अलावा बेटियां प्रिया और गुड्डा थीं। करमचंद्र के अनुसार लगभग 11 बजे उसका बेटा सड़क से जा रहा था। पड़ोस का रहने वाला अरविंद अपने परिजनों से विवाद के बाद सड़क किनारे खड़ा था। अचानक उसने मासूम प्रियांशू को दबोच लिया। उसके दोनों पैर पकड़कर हवा में उछालते हुए सड़क पर पटकने लगा। लगभग सात बार उसे सड़क पर पटका। मासूम चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो प्रियांशू को छोड़कर भाग निकला।

बड़ों के सूझबूझ के बाद खत्म हो गया था विवाद
मासूम की नाक से खून बह रहा था और सिर में पटकने से सिर में गंभीर चोट लगी थी। मौके पर परिजन भी पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर उपचार के लिए सीएचसी सांगीपुर पहुंचे। डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज भेज दिया। यहां पहुंचने पर डाक्टर उसका इलाज करने की तैयारी कर रहे थे, तब तक उसकी सांसें थम गईं। ग्रामीणों के अनुसार कमलचंद्र सिंह और अरविंद सिंह के बच्चों के बीच खेलने के दौरान विवाद हुआ था। जिसे लेकर दोनों परिवार की महिलाओं के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि बड़ों के सूझबूझ के बाद विवाद खत्म हो गया था।

मासूम की मौत से गुमसुम हुई मां
चार बच्चों में सबसे छोटा प्रियांशू सबका दुलारा था। बहन और भाई सभी उसे प्यार करते थे। रविवार को अचानक दिल दहला देने वाली घटना में प्रियांशू के मौत की खबर के बाद उर्मिला गुमसुम है। वह अस्पताल बेसुध होकर एक कोने में पड़ी थी। घर पहुंचने के बाद भी उसकी आंखों से आंसू नहीं निकल रहे थे। परिवार के लोग उसे बार-बार रुलाने की कोशिश भी करते रहे। मगर उसके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद प्रियांशू का शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मगर उर्मिला बेटे का शव देखती रही। उसकी आंख से आंसू नहीं गिर रहा था।

घटना की जानकारी के बाद उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी की तलाश में जुट गई। सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।


Connect Us
 Facebook | Twitter

SHARE
RELATED ARTICLES

Most Popular