Friday, July 5, 2024
HomeLatest NewsYogi Cabinet: राजभर से लेकर सुनील शर्मा तक जानिए कौन हैं योगी...

Yogi Cabinet: राजभर से लेकर सुनील शर्मा तक जानिए कौन हैं योगी सरकार के 4 नए मंत्री

- Advertisement -

India News (इंडिया न्यूज), Yogi Cabinet: UP की योगी सरकार में मंत्रियों की संख्या अब 56 हो गई है। आज मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 4 नए मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोकदल के नेता अनिल कुमार, भारतीय जनता पार्टी के नेता दारा सिंह चौहान और सुनील कुमार शर्मा को जगह मिली है।

ओम प्रकाश राजभर

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का जन्म 1962 में वाराणसी में हुआ था। राजभर की गिनती जमीनी नेताओं में होती है। वो फिलहाल गाजीपुर के जहूराबाद से विधायक हैं। पूर्वांचल की 16 लोकसभा सीटों पर राजभर वोटबैंक का असर है। इससे पहले वो 2017-19 में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रह चुके हैं। राजभर को बीजेपी की योगी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी बनाया गया था। वह 2019 तक योगी सरकार में मंत्री थे। लोकसभा चुनाव में उचित महत्व नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए वह बीजेपी से अलग हो गए। अब एक बार फिर वह योगी सरकार में वापसी कर ली है।

दारा सिंह चौहान

1963 में आज़मगढ़ में जन्मे दारा सिंह चौहान ने 10वीं तक पढ़ाई की है। वह पूर्वांचल की ओबीसी राजनीति पर बीजेपी की पकड़ का अहम हिस्सा हैं। सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए दारा सिंह चौहान की कैबिनेट में एंट्री हो गई है। उन्होंने राजनीति की शुरुआत बसपा से की थी। दारा सिंह चौहान यूपी चुनाव 1996 में बीएसपी के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे थे। बता दें कि दारा सिंह को पाला बदलने में माहिर माना जाता है।

दारा सिंह चौहान बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। सपा ने 2000 में दारा सिंह चौहान को राज्यसभा भेजा। 2007 के यूपी चुनाव से पहले उन्होंने पाला बदल लिया और बसपा में शामिल हो गए। 2009 में बसपा ने उन्हें घोसी लोकसभा सीट से जीत दिलाई। 2014 में केंद्र में बीजेपी की नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद दारा सिंह चौहान बीजेपी में शामिल हो गए।

अनिल कुमार

आरएलडी कोटे से अनिल कुमार को योगी कैबिनेट में शामिल किया गया है। अनिल मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सुरक्षित सीट से विधायक हैं। वह रालोद से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। रालोद ने दलितों को साधने के लिए अनिल का नाम आगे बढ़ाया है। अनिल कुमार वर्ष 2022 में आरएलडी के टिकट पर मुजफ्फरनगर जिले की अनुसूचित जाति की आरक्षित सीट पुरकाजी से विधायक बने।

अनिल कुमार समाजवादी पार्टी से जुड़े थे। लेकिन, एसपी-आरएलडी गठबंधन के तहत यह सीट आरएलडी के खाते में आने के बाद वह पार्टी में शामिल हो गए। आरएलडी के सिंबल पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की। अनिल कुमार ने वर्ष 2012 में बसपा के टिकट पर पुरकाजी सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के दीपक कुमार को हराया। हालांकि, यूपी चुनाव 2017 में बीजेपी के प्रमोद उटवाल ने कांग्रेस के दीपक कुमार को हरा दिया था। अनिल कुमार ने यूपी चुनाव में बीजेपी के प्रमोद उटवाल को हराया था।

सुनील शर्मा

साहिबाबाद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुनील शर्मा को भी योगी सरकार में मंत्री बना दिया गया है। वह सीएम योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा नेता माने जाते हैं। सुनील शर्मा तीसरी बार साहिबाबाद से विधायक चुने गए हैं। सबसे पहले उन्होंने 15वीं विधानसभा में गाजियाबाद सीट से जीत हासिल की। यूपी चुनाव 2017 में सुनील शर्मा ने सबसे ज्यादा वोटों से जीत हासिल की।

सुनील शर्मा ने कांग्रेस के अमरपाल शर्मा को 1,50,685 वोटों से हराया। यूपी चुनाव 2022 में सुनील शर्मा ने जीत का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2,14,835 वोटों से जीता। उनका यह रिकॉर्ड इंडिया बुक में दर्ज हो गया है। उन्हें योगी कैबिनेट में जगह देकर ब्राह्मण वोट बैंक को बड़ा संदेश देने की कोशिश की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-

SHARE
RELATED ARTICLES

Most Popular