Monday, July 8, 2024
Homeउत्तर प्रदेशUP By Poll Results: मैनपुरी में बहू डिंपल को नेताजी का आशीर्वाद,...

UP By Poll Results: मैनपुरी में बहू डिंपल को नेताजी का आशीर्वाद, खतौली और रामपुर में भी सपा आगे

- Advertisement -

UP By Poll Results

इंडिया न्यूज, मैनपुरी (Uttar Pradesh) ।  गुजरात-हिमाचल चुनाव के साथ यूपी की तीन सीटों पर हुए उप चुनाव की आज सुबह 8 बजे से मतगणना हो रही है। ये सीट मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा हैं। शुरुआती रुझानों में मैनपुरी में डिंपल यादव आगे चल रही हैं। अखिलेश यादव लखनऊ से मैनपुरी रवाना हो गए हैं।

वहीं खतौली और रामपुर में भाजपा-सपा के बीच नूराकुश्ती चल रही है। कभी सपा तो कभी भाजपा आगे चल रही है।

फिलहाल भाजपा, सपा और रालोद ने उप चुनाव में जीत का दावा किया है। मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि मतगणना स्थलों पर व्यापक सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ईवीएम को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में रखा गया है।

यहां-यहां हो रही मतगणना
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सुबह 8 से मतगणना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के करहल, मैनपुरी, भोगांव और किशनी विधानसभा क्षेत्र के बूथों की मतगणना मैनपुरी में होगी। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना इटावा में होगी।

खतौली की मतगणना मुजफ्फरनगर और रामपुर की मतगणना रामपुर में होगी। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। मतगणना परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा।

रामपुर में मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इसलिए हुए उपचुनाव…
मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद रहे मुलायम सिंह के निधन के बाद ये सीट खाली हुई थी। यहां सपा ने पूर्व सांसद डिंपल यादव को टिकट दिया है। डिंपल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी हैं। जबकि भाजपा ने शिवपाल यादव के शिष्य रहे रघुराज शाक्य को मैदान में उतारा है।

वहीं, रामपुर शहर से विधायक रहे आजम खान को हेट स्पीच के मामले में तीन साल की सजा हो गई। सजा होने के बाद उनकी विधायकी चली गई। इस सीट पर सपा ने आजम के खास आसिम रजा को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने आजम को जेल पहुंचाने वाले आकाश सक्सेना को अपना कैंडिडेट बनाया।

उधर, खतौली सीट से विधायक रहे विक्रम सैनी को मुजफ्फरनगर दंगा मामले में सजा हो गई। भाजपा ने यहां विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है। वहीं सपा-रालोद गठबंधन ने यहां मदन भैया को टिकट दिया है। इस उपचुनाव में बसपा और कांग्रेस ने हिस्सा नहीं लिया है।

यह भी पढ़ें: बरेली में प्रबुद्ध सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित, 1459 करोड़ की 188 विकास की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

Connect Us Facebook | Twitter

SHARE
RELATED ARTICLES

Most Popular